बिहार लोकसभा चुनाव: कांग्रेस के टिकट पर पूर्व लोकसभा सांसदों के पुत्र वर्तमान सासंदों को देंगे चुनौती

4/25/2024 4:22:49 PM

पटना: बिहार आम चुनाव 2024 में कांग्रेस के टिकट पर दो पूर्व लोकसभा सांसदों के पुत्र राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल वर्तमान सांसद को चुनौती देंगे। इस बार के चुनाव में कांग्रेस को इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया गठबंधन) में सीटों में तालमेल के तहत नौ सीट किशनगंज, कटिहार, पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर (सु), सासाराम (सु),पटना साहिब, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और महाराजगंज मिली है। 

इनमें से दो सीट महाराजगंज और पटना साहिब सीट पर पूर्व लोकसभा सासंदों के पुत्र राजग के वर्तमान सांसद को चुनौती देंगे। बिहार की महाराजगंज लोकसभा सीट से कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व लोकसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह के पुत्र आकाश कुमार सिंह को टिकट दिया है। आकाश का मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) प्रत्याशी भारतीय जनता पार्टी (BJP) जनार्दन सिंह सिग्रीवाल से होगा। राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह के पुत्र आकाश इससे पूर्व ने वर्ष 2019 में उपेन्द्र कुश्वाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के टिकट पर पूर्वी चंपारण सीट से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें भाजपा के कद्दावर नेता एवं केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह से हार का सामना करना पड़ा था।

वर्ष 2019 के चुनाव में रालोसपा ,महागठबंधन में शामिल थी। इस बार उपेन्द्र कुश्वाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (NDA) में शामिल है।  पटना साहिब सीट से पूर्व उप प्रधानमंत्री जगजीवन राम के नाती और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष- पूर्व सांसद मीरा कुमार के पुत्र अंशुल अभिजीत पहली बार कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा के रण में अपनी तकदीर आजमां रहे हैं। इस सीट पर अभिजीत की चुनावी टक्कर पूर्व केन्द्रीय मंत्री भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद से है। 

Content Writer

Ramanjot