राजधानी पटना सहित पूरे बिहार में गूंज रहे छठी मैया के गीत, छठमय नजर आ रहा माहौल

11/18/2020 11:58:30 AM

 

पटनाः लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना सहित पूरे बिहार में छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है।

लोक आस्था का महापर्व छठ नहाय-खाय के साथ आज से शुरू हो गया है। महापर्व छठ को लेकर बिहार में चहल-पहल दिखने लगी है। लोग छठ पर्व के अनुष्ठान की तैयारी में जुट चुके हैं। सभी जगह छठ के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं, जिससे पूरा माहौल छठमय नजर आ रहा है। राजधानी छठी माई के गीतों से सुवासित और गुलजार हो उठा है। शहर के मठ-मंदिरों में भी छठी माई के गीतों से सुबह की शुरुआत हो गयी है। कहीं शारदा सिन्हा की आवाज रस बरसा रही है कि‘मोर जिया जाएला महंगा मुंगेर'तो कहीं देवी के सुर कानों में पर्व की महिमा बखान कर रही है कि‘ कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए‘..।

वहीं प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी अनेक भोजपुरी गायकों के नए-नए छठ गीत ऑनलाइन माध्यमों पर उपलब्ध हैं। छठ व्रत से जुड़े पुराने गीतों सहित नए गीतों को पसंद किया जा रहा है। केलवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मेडराय, आदित लिहो मोर अरगिया., दरस देखाव ए दीनानाथ., उगी है सुरुजदेव., हे छठी मइया तोहर महिमा अपार.,काच ही बास के बहंगिया बहंगी लचकत जाय., आदि छठ गीतों का धमाल है। भक्ति गीतों से लोग भक्ति रस की गंगा में डुबकी लगाने लगे हैं। गीतों में आधुनिकता अवश्य आ गई है, लेकिन इन गीतों की लोकप्रियता में तनिक भी कमी नहीं आई है।
 

Nitika