भोजपुरः बारात के दौरान युवक ने की हर्ष फायरिंग, डॉक्टर के पुत्र को लगी गोली

6/1/2022 1:52:50 PM

 

आराः बिहार के भोजपुर जिले में बारात के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। इस दौरान गोली लगने से छत के रेलिंग पर खड़ा डॉक्टर का पुत्र जख्मी हो गया। उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों के द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है।

दरअसल, किशोर अपने मां-बाप के साथ 2 दिन पहले अपने छोटे मामा संजय कुमार सिंह के बेटे चिरंजीवी के बर्थडे में शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर बाजार वार्ड नंबर 5 स्थित अपने नानी घर आया था। बर्थडे पार्टी खत्म होने के बाद उसके मां-बाप वापस चले गए जबकि वह अपने नानी के घर ही रुक गया। इसी बीच यह घटना घट गई। इधर जख्मी किशोर के मामा सदन सिंह ने बताया कि उनके पट्टीदार में लड़की की बारात आई हुई थी। मंगलवार की रात जब उनका भांजा रणवीर कुमार सिंह अन्य बच्चों के साथ छत के रेलिंग पर खड़ा था और नीचे बारात आ रही थी। तभी बारात में ही एक युवक द्वारा हर्ष फायरिंग कर दी गई।

फायरिंग के दौरान किशोर के सीने में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रुप से जख्मी हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज करवाया जा रहा है। वही इलाज कर रहे सर्जन चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि गोली से जख्मी एक लड़का आया है और उसे सीने में दाहिने साइड गोली लगी है। गोली लगने से उसका खून काफी बह गया।

बता दें कि जख्मी किशोर मूल रूप से बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र के डुमरांव थाना रोड निवासी विनय कुमार सिंह का 15 वर्षीय पुत्र रणवीर कुमार सिंह है। वह दसवीं कक्षा का छात्र है। जख्मी किशोर के पिता विनय कुमार सिंह एक डेंटल डॉक्टर है एवं डुमरांव थाना रोड स्थित अपना डेंटल क्लीनिक चलाते हैं। वर्तमान में वह करीब 8 वर्ष से पटना के दानापुर सगुना मोड़ पर अपना मकान बनाकर रहते हैं।

Content Writer

Nitika