मुजफ्फरपुर में बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई कनकनी, टूटा 23 वर्षों का रिकॉर्ड, सामान्य से 9.1 डिग्री नीचे गिरा पारा

1/4/2023 12:05:35 PM

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार में सर्दी का सितम जारी है। दिन में पछुआ हवाओं के चलने से कनकनी भी रह रही है। वातावरण में नमी की मात्रा अधिक रहने से रात का तापमान सामान्य से अधिक रह रहा है। इसके प्रभाव से दिन में अधिक ठंड महसूस हो रही है। वहीं ठंड ने जिले का पिछले 23 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।



8 जनवरी तक सभी जिलों में रहेगा मौसम शुष्क
वहीं बीते मंगलवार को मुजफ्फरपुर सबसे ज्यादा ठंड रहा। इससे पहले साल 2000 में अधिकतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पिछले दो दिनों से कोल्ड-डे की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने आगे भी इस तरह की स्थिति रहने की संभावना जताई है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा की ओर से पूर्वानुमान जारी किया गया। इसमें बताया गया कि 8 जनवरी तक उत्तर बिहार के जिलों में आसमान साफ व मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अधिकांश स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। 5 दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस कम और रात का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है।



सामान्य से अधिकतम रहा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक,  बीते मंगलवार को अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 9.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। दिन और रात के तापमान में महज 2.7 डिग्री सेल्सियस का अंतर है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार दिन में पछुआ हवाएं चल रही है। इसके कारण वातावरण में नमी की मात्रा अधिक है।

Content Editor

Swati Sharma