खाना बनाने के दौरान लड़की को सांप ने डसा तो अस्पताल पहुंचा मंगेतर, हाथ से बहता खून देख नाग का फन कुचला

2/21/2023 5:50:05 PM

छपरा(अभिषेक कुमार सिंह): बिहार के छपरा जिले से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जहां पर एक लड़की की 2 महीने बाद शादी होनी है और उसे खाना  बनाने के दौरान एक जहरीले सांप ने डस लिया। यह सूचना जैसे ही उसके मंगेतर को मिली, वह भागा-भागा सदर अस्पताल पहुंचा और उसके हाथ से बहता खून देखकर सांप के फन को कुचल डाला।



खाना बनाने के दौरान सांप ने डसा
जानकारी के मुताबिक, मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव का है। लड़की की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी संजय सिंह की 18 वर्षीय पुत्री निशा कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि निशा चूल्हे पर घर में खाना बना रही थी और उसके द्वारा एक बांस को चूल्हे के अंदर डाला गया। आग की तपश के बाद बांस के अंदर छुपा नाग फुंफकार कर निकला और लड़की के हाथ को जकड़ते हुए डस लिया। निशा चीखते चिल्लाते हाथ को झटकते रही, लेकिन सांप उसे छोड़ने को तैयार नहीं था। किसी तरह उसने सांप से अपने आप को बचाया.. तब तक उसके हाथ से काफी खून बहने लगा। इसके बाद निशा को घायल अवस्था में छपरा सदर अस्पताल लाया गया।



निशा की 2 महीने बाद होनी है शादी
इधर, घटना की सूचना जैसे ही निशा के मंगेतर को मिली, वह भागा-भागा अस्पताल पहुंचा। वहीं निशा के परिवार वाले जहरीले सांप को पहले से मारकर अस्पताल लेकर पहुंचे हुए थे। निशा के हाथ से बहते खून को देखकर उसके मंगेतर ने फिर से सांप के फन को कुचला, जिसके बाद से ये घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। निशा अब पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है। बता दें कि निशा कुमारी की शादी छपरा में पदस्थापित एक पुलिसकर्मी से 2 महीने बाद होनी है।   

Content Editor

Swati Sharma