बोलेरो में सीट के नीचे छुपाकर रखा था 122 किलोग्राम गांजा, तस्कर गिरफ्तार

11/5/2021 2:45:59 PM

पूर्णियाः बिहार में पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र से पुलिस ने शुक्रवार को 122 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि समेकित जांच चौकी दालकोला में राष्ट्रीय उच्चपथ संख्या 31 पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान पुलिस को देखते ही बोलेरो चालक ने फरार होने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे धर दबोचा। वाहन की तलाशी के दौरान सीट के नीचे बने तहखाने में 22 पैकेट में छुपाकर रखा करीब 122 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

सूत्रों ने बताया कि वाहन पर सवार तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान भागलपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चौहढ़ी गांव निवासी पिंटू कुमार के रूप में की गई है। वह असम, त्रिपुरा और बंगाल से गांजा लाकर भागलपुर के आसपास के इलाको में बेचा करता था। गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है।

Content Writer

Ramanjot