सारण में SI को रिश्वत लेते हुए निगरानी ने रंगे हाथों गिरफ्तार, इस काम के लिए मांगी घूस
Wednesday, Apr 08, 2026-04:44 PM (IST)
सारण : निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बिहार में सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र में पदस्थापित एक पुलिस अवर निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
निगरानी विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डोरीगंज थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मोहित मोहन को 9,000/- (नौ हजार) रूपये रिश्वत लेते हुए उनके निजी आवास से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में निगरानी विभाग ने कांड सं0-41/26, दिनांक 07.04.2026 को दर्ज किया गया था। इस मामले में परिवादी मनु कुमार साह, ग्राम रसुलपुर ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने डोरीगंज थाना कांड सं0-123/26 कांड की दैनिकी में मदद करने के एवज में रिश्वत की मांग की है।
निगरानी ब्यूरो ने प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया एवं रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद इस कारर्वाई की योजना बनाई। इसके बाद अनुसंधानकर्ता वसीम फिरोज, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया, जिसने कारर्वाई को अंजाम दिया। निगरानी विभाग से जारी सूचना के अनुसार अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में उपस्थापित किया जायेगा और अग्रतर अनुसंधान की कारर्वाई की जाएगी।

