बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव: श्रवण कुमार बने JDU विधायक दल के नेता, अधिसूचना जारी
Tuesday, Apr 21, 2026-03:51 PM (IST)
Bihar Politics: श्रवण कुमार को जनता दल यूनाइटेड (JDU) विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। उनके नाम की औपचारिक सूचना पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा (Sanjay Kumar Jha) द्वारा विधानसभा को भेजी गई थी।
विधानसभा सचिवालय ने मंगलवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी। इस चयन से पहले सोमवार को जदयू विधायकों ने विधायक दल का नेता चुनने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को अधिकृत किया था। उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और राज्यसभा जाने के बाद राज्य में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई सरकार का गठन हुआ है। इसके बाद ही जदयू विधायक दल के नये नेता के चयन की प्रक्रिया शुरू हुई थी।
लंबे समय से JDU का प्रमुख चेहरा रहे हैं श्रवण कुमार
श्रवण कुमार को बिहार की राजनीति का अनुभवी और जमीनी नेता माना जाता है। वह नालंदा विधानसभा क्षेत्र से लगातार विधायक चुने जाते रहे हैं और लंबे समय से जदयू का प्रमुख चेहरा रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत जयप्रकाश नारायण (जेपी) आंदोलन से की थी और बाद में नीतीश कुमार के करीबी सहयोगियों में शामिल हो गए। राज्य सरकार में वह ग्रामीण विकास एवं संसदीय कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। संगठन में भी वह मुख्य सचेतक सहित कई अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं।

