शादी में रसगुल्ले को लेकर हुए विवाद में युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में पटना रेफर

4/24/2022 12:36:41 PM

छपराः बिहार के सारण जिले में रसगुल्ला विवाद लेकर एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। दरअसल, यहां शादी के दौरान दो पक्षों के बीच रसगुल्ले को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। हालांकि, बाद में मामला सुलझ गया। लेकिन इसी रंजिश को लेकर शनिवार को एक युवक को गोली मार दी गई। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मामला जिले के खैरा थाना क्षेत्र के सैदपुर अफोर का गांव का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात सुरेश तिवारी की बेटी का बारात आई थी। वहीं भोजन के दौरान रसगुल्ले को लेकर बारात में आए युवक के साथ गांव के कुछ युवकों का विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। फिर उसके बाद मामला मारपीट में बदल गया। हालांकि, उस समय लोगों के हस्तक्षेप से विवाद सुलझ गया।

लेकिन, युवकों के मन में रंजिश खत्म नहीं हुई। इसी सैदपुर अफोर निवासी मुनमुन उपाध्याय (25वर्ष) जब ट्रैक्टर लेकर खेत पर गया तो पूर्व से घात लगाए युवकों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।

Content Writer

Ramanjot