RJD में नए अध्यक्ष पर बोले शिवानंद तिवारी- तेजस्वी को अभी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की जरूरत नहीं

7/22/2021 10:41:19 AM

पटनाः राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मंत्री शिवानंद तिवारी ने पार्टी की कमान प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव को दिए जाने की अटकलों को खारिज करते हुए इसे मीडिया का शिगुफा करार दिया है।

तिवारी ने बुधवार को कहा कि प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव हमारे नेता हैं और बिहार विधानसभा का चुनाव उनके ही नेतृत्व में लड़ा गया। बदलाव की तो कोई जरूरत है ही नहीं। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि तेजस्वी यादव यदि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएंगे तो उससे क्या होगा। राजद को संभालना कोई पहाड़ का काम नहीं है लेकिन अभी इसकी जरूरत नहीं है, अभी भी यादव ही नेता हैं।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव पार्टी का नेतृत्व करेंगे इस पर राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पार्टी विधायक दल और पार्टी के पदाधिकारियों ने पहले ही मुहर लगा दी है। तेजस्वी यादव यह कभी चाहेंगे कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं रहे और उनसे वह यह पद ले ले। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि ऐसा तेजस्वी क्यों चाहेंगे और इसकी जरूरत क्या है।

तिवारी ने कहा कि राजद के स्थापना दिवस पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का जबरदस्त भाषण हुआ। किसी ने सोचा नहीं था कि तबीयत खराब होने के बाद भी वह इतना शानदार भाषण दे सकेंगे लेकिन उन्होंने पूरी तरह से राजनीतिक भाषण दिया। राजद अध्यक्ष के पास जो तजुर्बा और अनुभव है वह स्कूल एवं कॉलेज में नहीं पढ़ाया जाता है। उन्होंने कहा कि राजद अध्यक्ष के अनुभव का लाभ यादव को मिल रहा है। यह मीडिया का शिगुफा है कि तेजस्वी यादव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे। अभी इसकी कोई जरूरत नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static