MLC चुनावः एक सीट पर BJP ने शाहनवाज को बनाया उम्मीदवार, दूसरी से धोना पड़ सकता है हाथ

1/17/2021 12:27:03 PM

 

पटनाः बिहार में विधान परिषद की 2 सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं। इसी के चलते भाजपा ने एक सीट पर राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन को उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में पार्टी को दूसरी सीट का नुकसान उठाना पड़ सकता है।

राजद के खाते में जा सकती है दूसरी सीट
दरअसल, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन को भाजपा ने बिहार विधान परिषद में भेजने का फैसला किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि एक सीट पर राजद अपने उम्मीदवार उतारेगी। हालांकि, ये दोनों सीटें भाजपा के कब्जे में थीं लेकिन अब उप चुनाव में भाजपा को एक सीट से हाथ धोना पड़ सकता है। राजद की तरफ से फिलहाल उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। संख्या बल के लिहाज से राजद सहयोगी दलों के सथ मिलकर एक सीट पर उम्मीदवार की जीत तय कर सकती है। ऐसे में भाजपा के खाते से एक सीट निकल सकती है।

दूसरी सीट पर मुकेश सहनी भी हो सकते हैं उम्मीदवार
वहीं दूसरी तरफ चर्चा यह भी है कि भाजपा दूसरे सीट पर भी अपना उम्मीदवार उतार सकती है। उस एक सीट पर सहयोगी दल वीआईपी के प्रमुख और राज्य सरकार में मंत्री मुकेश सहनी को खड़ा किया जा सकता है। अगर ऐसा नहीं हुआ और सहनी चुनाव नहीं जीते तो उन्हें फिर राज्यपाल कोटे से मनोनीत होना पड़ेगा क्योंकि फिलहाल वह किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं।

2 सीटों पर 28 जनवरी को होंगे उपचुनाव
बता दें कि बिहार विधान परिषद के लिए 2 सीटों पर उप चुनाव होने हैं। ये दोनों सीटें भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी और भाजपा विधान पार्षद विनोद नारायण झा के इस्तीफे के बाद खाली हुई हैं। 18 जनवरी तक नामांकन की आखिरी तारीख है जबकि 19 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके अतिरिक्त जरूरत पड़ी तो 28 जनवरी को चुनाव करवाए जाएंगे।
 

Nitika