शाहनवाज ने राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति से की मुलाकात, बिहार के उद्योगों के बारे में जानकारी की साझा

8/14/2021 10:57:44 AM

पटनाः बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने शुक्रवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू से मुलाकात कर उनसे बिहार के उद्योगों के बारे में पूरी जानकारी साझा की।

शाहनवाज हुसैन ने शुक्रवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद जारी बयान में बताया कि कोविंद से मुलाकात के दौरान उन्होंने बिहार में उद्योगों के विकास के लिए बने बहुत अच्छे माहौल को लेकर पूरी जानकारी साझा की और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। राष्ट्रपति बनने से पहले रामनाथ कोविंद बिहार के ही राज्यपाल थे और इस वजह से बिहार से उनका विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि उद्योगों की स्थापना के लिए बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे बिहार के बारे में जानकारी पाने के बाद राष्ट्रपति ने अत्यंत प्रसन्नता जाहिर की और बिहार के उत्तरोत्तर विकास के लिए शुभकामनाएं दी।

उद्योग मंत्री ने इसके बाद उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू से भी मुलाकात की और उनसे भी पूरी जानकारी साझा की कि बिहार कैसे देश भर के उद्योगपतियों के लिए निवेश का गंतव्य बनकर उभरा है और यहां उद्योगों की स्थापना को लेकर हलचल काफी तेज हो गई है। उप राष्ट्रपति भी औद्योगिक विकास की ओर बिहार के बढ़ते कदम से खुश हुए और उन्होंने हुसैन को बधाई देते हुए पूरी मुस्तैदी से काम करने का हौसला दिया।

Content Writer

Ramanjot