संजय झा ने शरद यादव के निधन पर जताया शोक, कहा- ये राजनीतिक एवं सामाजिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति

1/13/2023 5:32:13 PM

पटनाः वरिष्ठ नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का बृहस्पतिवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया। वहीं जल संसाधन व सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा ने भी शरद यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है।



संजय कुमार झा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा," देश के वरिष्ठ समाजवादी नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष  शरद यादव जी के निधन का समाचार सुनकर मन व्यथित है। उनका निधन राजनीतिक एवं सामाजिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। हम सब की संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।" बता दें कि शरद यादव काफी समय तक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता रहे। कहा जाता है कि यादव 2013 में भाजपा के साथ संबंध तोड़ने के जदयू फैसले के प्रति आशंकित थे। चार साल बाद 2017 में भाजपा के साथ फिर से जुड़ने के नीतीश कुमार के फैसले के कारण यादव ने विद्रोह कर दिया था, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें राज्यसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया था।

उल्लेखनीय है कि शरद यादव ने बिहार के मधेपुरा से राजद के टिकट पर 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ा था। वह चार बार इस सीट से चुनाव जीत चुके थे। एक साल बाद हुए विधानसभा चुनाव में उनकी बेटी सुभाषिनी यादव बिहारगंज से राजद की उम्मीदवार थीं।

Content Editor

Swati Sharma