जायसवाल ने विपक्षी एकता पर ली चुटकी, कहा- विपक्ष के नेता एक साथ मिलकर क्या कर लेंगे, जनता इन्हें जानती है

9/25/2022 5:47:31 PM

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी दलों को एकजुट करने में लगे हुए हैं। इसके चलते कई नेताओं के साथ मुलाकात कर रहे हैं। इसी कड़ी में नीतीश कुमार एवं राजद अध्यक्ष लालू यादव रविवार शाम को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। इसी बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने विपक्षी एकता पर चुटकी ली है। 

"सभी को पहचानती है जनता"
डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार हो या कोई विपक्षी नेता एक दूसरे के साथ मिलकर क्या कर लेंगे। जनता इन सभी को पहचानती है। दूसरे राज्य में जाकर कोई भी विपक्षी नेता वोट मांगेंगे तो उनको वोट नहीं मिलेगा। बीजेपी के 8 साल के कार्यकाल में विपक्ष एक भी तरह का घोटाले का आरोप सरकार पर नहीं लगा पाया। वहीं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह को लेकर संजय जयसवाल ने कहा कि वह अमित शाह के बारे में बोलने से पहले जनता से मिलने के नीतीश कुमार के डर को खत्म करें। 

"जनता दरबार में सिर्फ नाटक करते हैं CM" 
इसके साथ ही जायसवाल ने नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जनता दरबार में सिर्फ नाटक करते हैं। जनता की समस्या सुनने के दौरान सभी सवाल पहले से तय होता हैं। नीतीश कुमार के जनता दरबार में आने वाला हर व्यक्ति प्रायोजित होता है। बिहार के मुख्यमंत्री इतने डरे हुए हैं कि ऐसा कोई मुख्यमंत्री हिंदुस्तान में नहीं है। नीतीश कुमार की इतनी भी हैसियत नहीं है कि वह बेहिचक जनता से मिले। 

"PFI का गढ़ बन चुका है बिहार"
वहीं प्रधानमंत्री की रैली में पीएफआई के द्वारा हमले के खुलासे पर संजय जयसवाल ने कहा कि बिहार पीएफआई का गढ़ बन चुका है। बिहार में एनडीए का गठबंधन टूटने का कारण राज्य के बड़े अफसर हैं। कुछ खास अफसरों को यह लगा कि पीएफआई का बढ़ावा बीजेपी के साथ सरकार में रहकर नहीं हो सकता है। उन्हीं अफसरों द्वारा लालू यादव और नीतीश कुमार को एक साथ मिलाने का काम किया गया है।

Content Writer

Ramanjot