पटना AIIMS में भर्ती संजय जायसवाल को हुई गंभीर बीमारी, वीडियो के जरिए दी जानकारी

9/2/2021 6:07:03 PM

पटनाः अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना में भर्ती बिहार भाजपा के अध्यक्ष एवं पश्चिम चंपारण से पार्टी के सांसद डॉ. संजय जायसवाल जानलेवा बीमारी स्टीवेंस जॉनसन सिंड्रोम (एसजेएस) की चपेट में आ गए हैं।

डॉ. संजय जायसवाल ने गुरुवार को स्वयं सोशल मीडिया पर वीडियो के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह स्टीवेंस जॉनसन सिंड्रोम से पीड़ित हैं, जो एक गंभीर बीमारी है। उन्होंने समर्थकों से सात दिनों तक नहीं मिलने की सलाह दी है। यहां मिलने आने पर भी वह कोई मदद नहीं कर पाएंगे तथा सामान्य होने के बाद ही वह मुलाकात कर सकेंगे।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वह अभी एम्स, पटना में भर्ती हैं और अगले सात दिनों तक यहीं रहेंगे। कोलकाता में 25 अगस्त को ही उन्हें बुखार हो गया था लेकिन सांसद के नाते वह जल संसाधन समिति के अध्यक्ष हैं और इसी सिलसिले में वह कोलकाता और गुवाहाटी का काम निपटा कर पटना पहुंचे। जांच से पता चला कि वह इस बीमारी की चपेट में है। यह ऐसी बीमारी है जिसमें मनुष्य का शरीर ही उसके खिलाफ काम करने लगता है। शरीर के बाहरी हिस्से हों या आंख, नाक, कान, गला सब सूजने और फटने लगते हैं। इस बीमारी के कारण शरीर के अंदर तथा हाथ में भी सूजन होता है और वह गलने लगता है।

Content Writer

Ramanjot