छपरा में महिला की निर्मम हत्या... हैवान ने 15 से ज्यादा जगह पर मारा चाकू, आंख भी फोड़ी

8/16/2021 12:43:54 PM

छपराः बिहार में क्राइम का ग्राफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला छपरा जिले का है, जहां रविवार को एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। महिला के पेट, गर्दन, मुंह और सीने समेत 15 से ज्यादा जगह पर चाकू मारा गया था। इतना हीं नहीं, हैवान ने महिला की आंख तक फोड़ दी। महिला का क्षत-विक्षत शव एक बगीचे से बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि पिरौटा मेघा गांव निवासी मोहम्मद लाहिद की 40 वर्षीय पत्नी सेमुन खातून रविवार की दोपहर बकरी चराने के लिए गई हुई थी। वह जब देर शाम तक वापस अपने घर लौट कर नहीं आई तब परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इस दौरान गांव के बाहर धोबिया घाट के पास झाड़ी में महिला की लाश पड़ी मिली। शव पर पेट, गर्दन, मुंह और सीने समेत 15 से ज्यादा जगह पर चाकू मारा गया था। महिला की आंख तक फोड़ दी गई थी। शव से कुछ दूरी पर ही उसके कपड़े पड़े थे।

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के बाद ही रेप की पुष्टि होगी।

Content Writer

Ramanjot