सड़क दुर्घटना में विवाद के कारण हुई रुपेश की हत्या, ऋतुराज ने दोस्तों के साथ रचा था षड्यंत्र

2/4/2021 11:45:56 AM

 

पटनाः बिहार की पटना जिला पुलिस ने चर्चित इंडिगो एयरलाइंस के स्टेशन मास्टर रुपेश कुमार सिंह के हत्या मामले का उछ्वेदन करते हुए इसमें संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, सड़क दुर्घटना में हुए विवाद के कारण रूपेश सिंह की हत्या हुई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) उपेंद्र शर्मा ने संवाददाताओं के समक्ष 12 जनवरी 2021 को हुए इस हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर चुके एक गिरफ्तार अभियुक्त ऋतुराज को उपस्थित किया। साथ ही बताया कि उसे पटना के आरके नगर से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर 2020 को रुपेश हवाईअड्डा स्थित अपने कार्यालय से पुनाइचक अपने घर लौट रहे थे तभी उनकी कार और ऋतुराज की बाइक टकरा गई। ऋतुराज के अनुसार, इस घटना के बाद रुपेश ने उसकी पिटाई कर दी।

वहीं ऋतुराज ने बताया कि इस घटना के बाद से वह काफी आहत था और उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर रुपेश की हत्या का षड्यंत्र रचा। इसके बाद वह कई दिनों तक रुपेश की रेकी करता रहा। इसी दौरान इस वर्ष 12 जनवरी को जैसे की रुपेश की कार पुनाइचक स्थित अपार्टर्मेंट के पास रुकी उसने उस पर गोली चला दी और फरार हो गया।
 

Nitika