शादी समारोह में बवाल! गाना बजाने को लेकर आपस में भिड़े बाराती-शराती, बचाव में दूल्हे की हो गई पिटाई

4/18/2022 1:04:17 PM

 

शेखपुराः बिहार के शेखपुरा जिले में शादी समारोह के दौरान उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब गाना बजाने को लेकर बाराती और शखराती आपस में भिड़ गए। इसी बीच बहनोई को बचाने के चक्कर में दूल्हे राजा की पिटाई हो गई।

जानकारी के अनुसार, मामला शेखपुरा जिले के शेखोपुर सराय प्रखंड के वेलाव गांव का है, जहां पर शादी समारोह में डीजे लगाया गया था। डीजे पर बज रहे गानों पर बाराती और शराती के लोग झूम रहे थे। इसी बीच एक पक्ष ने भोजपुरी गाना 'बुलेट पर जीजा' डीजे वाले को बजाने को कहा जबकि दूसरा पक्ष 'ले ला पोदिना' गाना बजाने की जिद्द करने लगा। वहीं बाराती और शराती के बीच गाना बजाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। इतना ही नहीं गाना बजाने को लेकर हुआ बवाल मारपीट में बदल गया।

बता दें कि मारपीट में दोनों पक्षों के लगभग आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। अपने बहनोई को बचाने के चक्कर में दूल्हे की भी पिटाई हो गई। दूल्हे को ऐसा पीटा कि वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दूल्हे को होश आने पर शादी को संपन्न करवाया गया।
 

Content Writer

Nitika