शादी में दोस्त ने दूल्हे को दिया ऐसा गिफ्ट, देखकर उड़े होश...निकल गई चीखें
Tuesday, Mar 17, 2026-10:23 AM (IST)
Bihar News : बिहार के रोहतास जिले से एक बेहद चौंकानें वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दूल्हे ने अपने दोस्त द्वारा दिया गया 'गिफ्ट' खोला। मिठाई के डिब्बे के अंदर से मिठाई के बजाय एक फन फैलाता हुआ जिंदा सांप निकला।
जानकारी के अनुसार, राजपुर क्षेत्र के रहने वाले संजीत कुमार की शादी की रस्में चल रही थीं। सगे-संबंधी और दोस्त दूल्हे को उपहार दे रहे थे। इसी बीच संजीत का दोस्त गौतम कुमार एक आकर्षक मिठाई का डिब्बा लेकर पहुँचा और उसे दूल्हे को सौंप दिया। संजीत ने इसे साधारण उपहार समझकर खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया। जैसे ही दूल्हे ने सबके सामने उस डिब्बे को खोला, उसकी चीख निकल गई। डिब्बे के भीतर एक जिंदा सांप रेंग रहा था। घबराहट में दूल्हे ने तुरंत डिब्बा दूर फेंक दिया, जिससे शादी में मौजूद मेहमानों के बीच भगदड़ मच गई। लोग डरे हुए थे कि कहीं सांप किसी को काट न ले।
हंगामा बढ़ता देख दोस्त गौतम ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक 'प्रैंक' यानी मजाक था। दरअसल, गौतम कुमार इलाके में ‘स्नेक सिग्नेचर’ के नाम से जाना जाता है और उसे सांप पकड़ने का शौक है। उसने गांव से एक सांप पकड़कर उसे मिठाई के डिब्बे में पैक किया था ताकि वह अपने दोस्त को एक 'यादगार' गिफ्ट दे सके। अब यह अनोखा और खतरनाक गिफ्ट पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे शादी का अब तक का सबसे यादगार लेकिन खौफनाक तोहफा बता रहे हैं।

