"चाचा जी के यहां सिर-फुटव्वल जारी है", रोहिणी ने CM नीतीश पर साधा निशाना, कहा- जदयू में जल्द दिखेगा बिखराव

Thursday, Sep 26, 2024-11:53 AM (IST)

पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) की पुत्री रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पर राजनीतिक तौर पर निशाना साधने का कोई भी मौका नहीं चूकती। ऐसे में जब बिहार के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट किया और जदयू में उनके खिलाफ कई नेताओं ने तल्ख बयानबाजी की तो अब रोहिणी ने भी तंज कसा है।

रोहिणी आचार्य ने अशोक चौधरी प्रकरण को केंद्रित कर मुख्यमंत्री पर निशाना साधा और दावा किया कि जदयू में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। मुख्यमंत्री लाचार से दिख रहे हैं और अब जल्द ही जदयू में बिखराव भी देखने को मिलेगा। आचार्य ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू का नाम लिए बगैर जोरदार हमला बोला और कहा, ‘‘चाचा जी के यहां सिर-फुटव्वल जारी है, विडंबना तो देखिए अब तो चाचा जी की ही बढ़ती उम्र पर उनके ही चहेते प्यादे के द्वारा उठाया गया सवाल बड़ा भारी है। .. कहीं ऐसा तो नहीं कि जुगाड़ की मदद से खड़े किए गए चाचा जी के खेमे के अब बिखरने की बारी है। .. जारी उठापटक पर चाचा जी की चुप्पी दर्शाती उनकी लाचारी है..।''

दरअसल, एक दिन पहले ही मंत्री अशोक चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक तुकबंदी पोस्ट की थी। इसमें उन्होंने ‘बढ़ती उम्र' शीर्षक से जो पोस्ट लिखा उसे लेकर माना गया कि उनके निशाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। पोस्ट किए जाने के कुछ समय बाद ही अशोक चौधरी ने मुख्यमंत्री आवास जाकर नीतीश कुमार से मुलाकात की। बाद में उन्होंने नीतीश कुमार से नाराजगी जैसी बातों को अफवाह बताया। इस बीच जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बिना अशोक चौधरी का नाम लिए उन्हें सलाह दी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उम्र पर टिप्पणी करने का उन्हें कोई अधिकार नहीं है। वहीं, बढ़ते हमलों के बीच मंत्री अशोक चौधरी ने फिर से एक पोस्ट किया। उन्होंने ‘मेरा नेता मेरा अभिमान' के नाम से लिखा कि ‘कुछ तो लोग कहेंगे लोगों का काम है कहना, तो सुनी सुनाई बातों पर ध्यान देना छोड़ दीजिये।' साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ दो तस्वीरें भी साझा की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static