RJD ने पोस्टर लगाकर नीतीश सरकार पर साधा निशाना, CM और डिप्टी CM को बताया धृतराष्ट्र

3/23/2021 12:14:10 PM

पटनाः बिहार की मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मंगलवार को होने वाले विधानसभा मार्च से पूर्व पोस्टर लगाकर प्रदेश की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार और विशेषकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा।

युवा राजद की ओर से बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई, विधि-व्यवस्था और चिकित्सा के सवाल के साथ ही शिक्षकों की बहाली में हो रही देरी के मुद्दे को लेकर मंगलवार को विधानसभा घेराव की घोषणा की गई है। इसी को लेकर राजद की ओर से राजधानी पटना के सभी प्रमुख चौराहों पर बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए। पोस्टर में प्रदेश की राजग सरकार और विशेषकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा गया है।

पोस्टर में बिहार विधानसभा का मुख्य प्रवेश द्वार दिखाया गया है, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री रेणु देवी बैठी दिखाई दे रही है। दोनों की ही आंखों पर काली पट्टी बंधी है, जो इस बात की ओर इशारा कर रही है कि सरकार जनता पर ध्यान नहीं देती है। राजद ने दोनों नेताओं की तुलना धृतराष्ट्र की है।

Content Writer

Ramanjot