RJD ने जननायक कर्पूरी ठाकुर की कुर्सी को भ्रष्टाचार से किया कलंकितः जदयू

7/25/2020 5:35:23 PM

पटनाः बिहार में सत्तारूढ़ जदयू ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का नाम लिए बगैर उनपर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजद के एक मुख्यमंत्री ने जननायक कर्पूरी ठाकुर की कुर्सी को भ्रष्टाचार से कलंकित कर दिया।

जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने शुक्रवार को ऑनलाइन माध्यम से सहरसा, शिवहर, मधुबन और नौतन विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लालू यादव पर जमकर हमला बोला और कहा कि राजनीति समाज कल्याण के लिए होनी चाहिए, परिवार के कल्याण के लिए नहीं। राजनीतिक दल का उद्देश्य सामाजिक उत्थान होना चाहिए, पारिवारिक उत्थान नहीं।

मंत्री ने कहा कि बिहार को 15 साल पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के रूप में एक ईमानदार, चरित्रवान एवं दूरदर्शी नेतृत्व मिला, जिन्होंने जनता की सेवा को अपना धर्म समझा और सभी क्षेत्रों एवं वर्गों का न्याय के साथ विकास किया जबकि राजद के मुख्यमंत्री ने जननायक कर्पूरी ठाकुर की कुर्सी को भ्रष्टाचार से कलंकित कर दिया।

Edited By

Ramanjot