सुशील मोदी की मांग- वंदेमातरम का अपमान करने वाले विधायक पर कार्रवाई करे RJD

7/2/2022 11:19:45 AM

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने वंदेमातरम का अपमान करने वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक पर कार्रवाई करने की मांग की है।

सुशील मोदी ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि बिहार विधानसभा सत्र का समापन राष्ट्र गीत वंदेमातरम से करने की परम्परा है, लेकिन मुख्य विपक्षी दल राजद के एक विधायक ने गुरुवार को राष्ट्रगीत के समय खड़े न होकर इसका अपमान किया। उन्होंने कहा कि राजद बताए कि उसने ऐसे विधायक के विरुद्ध क्या कार्रवाई की और वह यह भी बताए कि क्या वह राष्ट्र गीत के अपमान को सही मानता है।

भाजपा सांसद ने आगे कहा कि ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम के दो विधायकों ने विधान सभा के पिछले सत्र में राष्ट्र गीत का अपमान किया था। जब इसी दल के 4 विधायक राजद में शामिल हुए, तब बड़ी पार्टी पर छोटी पार्टी से आए लोगों का असर दिखना दुर्भाग्यपूर्ण है।
 

Content Writer

Ramanjot