Bihar Politics: मंत्री अशोक चौधरी ने दी चुनौती तो तेजस्वी की पार्टी ने जारी कर दिया नीतीश का वीडियो

Saturday, Sep 14, 2024-10:20 AM (IST)

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खास मंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी ने प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव को चुनौती देते हुए कहा कि यदि आपके (तेजस्वी) पास नीतीश कुमार का राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के सामने गिड़गिड़ाने वाला वीडियो है तो सार्वजनिक करें। जदयू की ओर से दी गई इस चुनौती को राजद ने स्वीकार किया और शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का वीडियो जारी किया। 

जारी वीडियो में नीतीश कुमार अपने संबोधन के क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की तरफ हाथ जोड़ते अभिवादन के अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भी बैठे-बैठे हाथ जोड़े हुए दिखाई पड़ रही हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वासपात्र मंत्री अशोक चौधरी ने 13 सितंबर को प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को चुनौती देते हुए कहा कि यादव के पास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का वीडियो है तो उसे सार्वजनिक करें। तेजस्वी अकेले में किसी नेता को वीडियो क्यों दिखाएंगे, अगर उन्होंने बयान सार्वजनिक तौर पर दिया है तो फिर वो वीडियो को भी सार्वजनिक करें। इस तरह से अशोक चौधरी ने प्रतिपक्ष के नेता को वीडियो जारी करने के लिए उकसाया। 

वहीं अशोक चौधरी के बयान के कुछ देर बाद ही राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने संवाददाता सम्मेलन कर वीडियो जारी किया है। वीडियो राबड़ी आवास का बताया जा रहा है। वर्ष 2022 में जब महागठबंधन की सरकार बनने वाली थी, उसी दौरान जदयू-राजद की बैठक हुई थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static