बिहार में बदमाशों के हौसले बुलंद, घर के बाहर टहल रहे RJD नेता पर बरसाई गोलियां

9/3/2020 11:31:26 AM

गोपालगंजः बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यहां बदमाश इतने बेलगाम हो गए हैं कि आम लोगों के साथ-साथ नेताओं को भी अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला गोपालगंज जिले का है, जहां अपराधियों ने राजद नेता को गोली मार दी।

जानकारी के अनुसार, घटना नगर थाना के कुकुरभुखा गांव की है। बताया जा रहा है कि राजद नेता सुरेश यादव गुरुवार की सुबह अपने घर के बाहर टहल रहे थे। तभी बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। वहीं घरवालों ने स्थानीय लोगों की मदद से उनको सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया।

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि सुरेश को तीन गोलियां लगी हैं। उन्‍हें एक गोली सीने में और दो गोली कंधे में लगी है। बता दें कि नगर थाना के कुकुरभुखा गांव के रहने वाले जदयू नेता सुरेश यादव पर कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। उन पर हत्या, अपहरण, डकैती, रंगदारी और जमीन पर कब्जा करने के आरोप हैं। वहीं सुरेश की पत्नी मकसुदपुर पंचायत की मुखिया भी रह चुकी हैं।

Ramanjot