Vaishali Crime: राजद के जिला महासचिव की गोली मारकर हत्या, घर से कुछ दूरी पर दिया गया वारदात को अंजाम
Friday, Dec 08, 2023-12:06 PM (IST)

वैशाली: बिहार में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि वे आए दिन बड़ी-बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला वैशाली जिले से सामने आया है, जहां पर बेखौफ अपराधियों ने राजद के जिला महासचिव की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं, इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बीच सड़क पर शव रखकर जाम कर दिया और न्याय की मांग करने लगे।
घर से कुछ दूरी पर वारदात को दिया गया अंजाम
जानकारी के मुताबिक, घटना महिसौर थाना क्षेत्र के अजीजपुर चांदे पंचायत इलाके की है। मृतक की पहचान पातेपुर प्रखंड क्षेत्र के राजद के जिला महासचिव मैनेजर साहनी के रूप में हुई है। मृतक साहनी की पत्नी अजीजपुर चांदे पंचायत की उप मुखिया बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सहनी अपनी कार से मूसापुर की ओर से जा रहे थे। तभी बहुआरा हरिप्रसाद मरूई चौक के निकट एक बाइक पर सवार 2 बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी और फिर फरार हो गए। मैनेजर साहनी की हत्या को घर से कुछ दूरी पर अंजाम दिया गया।
इलाके में मचा हड़कंप
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल कायम है। हत्या के विरोध में आक्रोशित ग्रामीण ने महुआ ताजपुर रोड बहुआरा के निकट शव रखकर जाम कर दिया और न्याय की मांग करने लगे। बताया जाता है कि इससे पहले भी कई बार राजद नेता पर हमले की कोशिश की गई थी।