BJP का हमला- जातीय जनगणना की मांग कर रहे RJD ने बिहार को लूटने के अलावा कुछ नहीं किया

8/20/2021 1:28:43 PM

गयाः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर. के सिंह ने जातीय जनगणना के मुद्दे पर बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जात-पात की राजनीति कर सत्ता हासिल करने वालों ने राज्य को लूटने के अलावा कुछ नहीं किया।

आर. के सिंह ने गुरूवार को भाजपा की जन आर्शीवाद यात्रा के क्रम में पत्रकारों से बातचीत में केंद्र सरकार की नीतियों और विकास योजनाओं की विस्तृत से चर्चा की। उन्होंने जातीय जनगणना के सवाल पर राजद पर कटाक्ष किया और कहा कि ये ऐसे लोग हैं, जो सिर्फ जात-पात के नाम पर राजनीति करते हैं। जात-पात की राजनीति करके लालू प्रसाद यादव सत्ता में आ गए। लेकिन बिहार को जमकर लूटने के सिवाए कुछ नहीं किया। जब पूछा गया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी जातीय जनगणना की मांग कर रहे हैं तो उनका जवाब टालमटोल वाला रहा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमलोगों के साथ हैं और सभी जातियों को साथ लेकर चलते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने शिव सेना नेता संजय राउत के बयान पर कहा कि कोरोना की तीसरी लहर तो महाराष्ट्र और केरल में आई हुई है। वे लोग कर क्या रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को दौरा करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिवसेना हमारी पार्टी के वोट पर जीत हासिल की है। इस बात का पता अगले चुनाव में चल जाएगा। इस मौके पर बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, औरंगाबाद सांसद सुशील सिंह, गया विधायक डॉ. प्रेम कुमार, वजीरगंज विधायक वीरेन्द्र सिंह, पार्टी के जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा, अशोक भारती सहित कई अन्य नेता मौजूद थे।

Content Writer

Ramanjot