चिराग पासवान का हमला- विकास की बात कर जनता को गुमराह कर रहे RJD और JDU
Saturday, Oct 31, 2020-09:49 AM (IST)

भागलपुरः लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चिराग पासवान ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के तीस साल के कार्यकाल को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय दोनों दल विकास की बात कर राज्य की जनता को गुमराह कर रहे हैं।
चिराग पासवान ने शुक्रवार को यहां भागलपुर और नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के लोजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 10 नवंबर के बाद नीतीश कुमार की मुख्यमंत्री पद से विदाई तय है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने पिछले तीन दशक के शासन में जंगलराज और कुशासन राज दोनों देख लिया है। अब दोनों जदयू और राजद विकास की बात कर झांसा दे रहे है लेकिन जनता इन्हें समझ चुकी है।
लोजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बिहार में स्वास्थ्य-शिक्षा सब चौपट है। उच्च शिक्षा का आलम यह है कि तीन साल के पाठ्यक्रम का सत्र पांच साल में पूरा हो पाता है। उन्होंने कहा कि कई अस्पताल स्वयं बीमार हैं। ऐसे में भला लोगों का इलाज कैसे हो पाएगा। खासकर, गरीब और किसान-मजदूरों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।