कार्यों में लापरवाही बरतने पर राजस्व कर्मचारी निलंबित, DM की बड़ी कार्रवाई
Sunday, Jun 07, 2026-09:51 AM (IST)
Bihar News: बिहार में पश्चिम चंपारण जिला पदाधिकारी तरणजोत सिंह ने राजस्व कार्यों में लापरवाही, लगातार अनधिकृत अनुपस्थिति तथा वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में मझौलिया अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी प्रदीप कुमार मिश्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा ने शनिवार को बताया कि राजस्व संबंधी समीक्षात्मक बैठक के दौरान मिश्र अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। समीक्षा में यह भी पाया गया कि उनके आवंटित हल्का में दाखिल-खारिज, परिमार्जन सहित अन्य राजस्व मामलों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर नहीं किया गया है और अधिकांश कार्य लंबित हैं। उन्होंने बताया कि अंचल अधिकारी मझौलिया की रिपोर्ट में उल्लेख है कि संबंधित कर्मचारी अक्सर बिना सूचना के अनुपस्थित रहते थे, जिससे जमाबंदी संशोधन, आधार सीडिंग, सरकारी भूमि सत्यापन, लगान अद्यतीकरण और लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे थे।
यह भी पढ़ें- वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के नाम पर हो रहा था अवैध धंधा, ऐसे खुली पोल; BLO और कैफे संचालक गिरफ्तार
कई बार स्पष्टीकरण मांगे जाने के बावजूद कोई जवाब नहीं दिया गया और वरीय अधिकारियों के निर्देशों का भी अनुपालन नहीं किया गया। जिला पदाधिकारी तरणजोत सिंह ने मिश्र के आचरण को बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के प्रावधानों के विपरीत मानते हुए बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया है।निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला राजस्व शाखा, बेतिया निर्धारित किया गया है।

