मुंगेर में रिटायर्ड कैप्टन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, आम के बगीचे में मिला शव; इलाके में फैली सनसनी

4/25/2023 5:36:33 PM

मुंगेरः बिहार के मुंगेर जिले बेखौफ बदमाशों ने एक रिटायर्ड कैप्टन संजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। संजय कुमार का शव घर के पास आम के बगीचे में मिला है। वहीं दिनदहाड़े रिटायर्ड कैप्टन की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। 

आम के बगीचे में पड़ा था शव 
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शंकरपुर की है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह संजय कुमार अपने घर के पीछे वाले गेट से आम के बगीचे की तरफ शौच करने गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं जब गोली की आवाज सुनकर घर वाले बाहर निकले तो देखा कि आम के बगीचे में संजय कुमार का शव पड़ा हुआ था। 

जांच में जुटी पुलिस 
इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि संजय के घर के आगे ही एक सड़क को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है संजय कुमार 2019 में कैप्टन पद से झांसी से रिटायर्ड होने के बाद मुंगेर में रह रहे थे।

Content Writer

Ramanjot