शहीद जगदेव प्रसाद जयंती को लेकर JDU में बगावत, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कुशवाहा गुट को दी चेतावनी

1/30/2023 5:43:51 PM

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): शहीद जगदेव प्रसाद की जयंती के आयोजन को लेकर जेडीयू में बगावत शुरू होने लगी है। दरअसल, उपेंद्र कुशवाहा गुट भी बिहार के सभी जिलो में समारोह का आयोजन करेगा। वहीं इस पर जदयू प्रदेशाध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि अलग प्रोग्राम की न सोचें उपेंद्र कुशवाहा। शहीद जगदेव प्रसाद कार्यक्रम में भाग लें। 

इधर, उपेंद्र कुशवाहा के हनुमान माने जाने वाले प्रशांत पंकज ने जेडीयू अध्यक्ष और कई मंत्रियों पर पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा और हम सब जेडीयू के असली सिपाही हैं। मंत्री विजय चौधरी, अशोक चौधरी, उमेश कुशवाहा अपने सदस्यता अभियान की जानकारी बताने का काम करें। उपेंद्र कुशवाहा के साथ मिलकर उनके समर्थकों ने सदस्यता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई है, हम सब कार्रवाई से नहीं डरने वाले हैं। प्रशांत पंकज ने कहा कि जेडीयू के बड़े नेता नीतीश कुमार हैं। नीतीश कुमार के अगल-बगल वाले लोग उनको कमजोर कर रहे हैं। इसकी जांच खुद नीतीश कुमार करें। जेडीयू के असली वारिस उपेंद्र कुशवाहा और हमसब हैं।

वहीं दूसरी तरफ, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने उपेंद्र कुशवाहा पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर उनमें नैतिकता बची है तो इस्तीफा देकर दिखाएं। फिर पार्टी के बड़े नेताओं पर टिप्पणी करें। इसके साथ ही उमेश कुशवाहा ने भाजपा पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में बीजेपी उल्टा ख्वाब देख रही है। भाजपा को हम लोगों ने रिजेक्ट किया है।

Content Writer

Ramanjot