मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी माताश्री स्व. परमेश्वरी देवी जी की पुण्यतिथि पर दी भावभीनी श्रद्धांजलि, पढ़ें बिहार की 10 बड़ी खबरें

1/2/2023 6:06:22 AM

पटनाः मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने अपनी माताश्री स्व. परमेश्वरी देवी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा, हरनौत स्थित कविराज रामलखन सिंह स्मृति वाटिका जाकर स्व. परमेश्वरी देवी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। ऐसी ही दिनभर की बड़ी खबरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें...

अपनी माताश्री जी की पुण्यतिथि पर CM Nitish ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने अपनी माताश्री स्व. परमेश्वरी देवी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा, हरनौत स्थित कविराज रामलखन सिंह स्मृति वाटिका जाकर स्व. परमेश्वरी देवी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने अपने पिता कविराज स्व. रामलखन सिंह जी एवं अपनी धर्मपत्नी स्व0 मंजू सिन्हा जी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। 

मुख्यमंत्री से कहीं अधिक अमीर हैं बिहार के कई मंत्री
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास 75.53 लाख रुपए की चल और अचल संपत्ति है। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में उनकी संपत्ति में 18,000 रुपए का मामूली इजाफा हुआ है। बिहार सरकार की वेबसाइट पर 31 दिसंबर को जारी मुख्यमंत्री और उनके कैबिनेट सहयोगियों की संपत्ति के विवरण के अनुसार, नीतीश के पास 28,135 रुपए नकद, जबकि विभिन्न बैंकों में जमा 51,856 रुपए की राशि है। 

"आजादी की लड़ाई में RSS का कोई योगदान नहीं"
बिहार के मुख्यमंत्री ने देश के स्वतंत्रता संघर्ष में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का कोई योगदान नहीं होने का उल्लेख करते हुए आज कहा कि स्वतंत्रता दिलाने में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।

तेजस्वी की केंद्र सरकार को चेतावनी- इतिहास फिर से लिखे जाने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देंगे हम
 बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शनिवार को केंद्र की भाजपा नीत राजग सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार की महागठबंधन सरकार किसी विचारधारा विशेष के बचाव के लिए इतिहास को फिर से लिखने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगी।

विमान खरीद को लेकर CM नीतीश का BJP पर कटाक्ष
बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के शीर्ष नेता नीतीश कुमार ने पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के बिहार सरकार के हेलीकॉप्टर और विमान खरीदने के निर्णय को लेकर दिए गए बयान पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि वह तो चाहते थे कि मोदी सरकार में रहें लेकिन उनको पार्टी (भाजपा) ने ही हटा दिया। 

CM नीतीश व तेजस्वी यादव एक-दूसरे को ठगने का काम कर रहे हैंः विजय सिन्हा
बिहार के बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों द्वारा एक रिटायर्ड फौजी दंपति को घायल कर दिया। इसके बाद बिहार विधानसभा के प्रतिपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा घायलों से मिलने बेगूसराय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सीएम नीतीश कुमार पर  जमकर हमला बोला।

बिहार खादी को बढ़ावा देगा चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान
बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड और चंद्रगुप्त इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, पटना के बीच खादी और ग्रामोद्योग के क्षेत्र में मिलकर काम करने को लेकर सहमति हुई। इस आशय के मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर बिहार खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिलीप कुमार और चंद्रगुप्त इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट पटना के निदेशक डॉ. राणा सिंह ने हस्ताक्षर किए। प्रबंधन संस्थान में आयोजित इकरारनामा हस्ताक्षर समारोह में बिहार खादी, हैंडलूम और हस्तशिल्प की ब्रांड एंबेसडर प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर भी उपस्थित रही।

रेत के अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए समर्पित पुलिस बल का होगा गठन
बिहार के खान एवं भूगर्भ विभाग ने राज्य में अवैध रेत खनन और खनिजों के परिवहन पर नियंत्रण के लिए अपना खुद का ‘‘समर्पित पुलिस बल'' बनाने का फैसला किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सहायक उपनिरीक्षक और कांस्टेबल ‘खनन पुलिस' का हिस्सा होंगे। 

शराब के असली धंधेबाजों को ढूंढकर पकड़िएः CM नीतीश 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर अधिकारियों को शराब के असली धंधेबाजों को पकड़ने की हिदायत दी। नीतीश कुमार ने शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत के दौरान जहरीली शराब कांड के अभियुक्त की हुई गिरफ्तारी के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि जो कुछ हुआ उसको लेकर सरकार गंभीर है। दोनों विभाग के अधिकारी इसको देख रहे हैं। एक-एक चीज की जांच हो रही है कि यह कैसे हुआ। 

CM नीतीश ने नव वर्ष पर प्रदेश एवं देशवासियों को दीं हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
 बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नव वर्ष के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Content Editor

Swati Sharma