बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने के मुद्दे पर बोलने से बचते नजर आए RCP सिंह

2/11/2022 7:02:43 PM

पटनाः केंद्रीय मंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग के मुद्दे पर आज सीधे-सीधे बचते नजर आए जबकि पार्टी नेतृत्व ने इसके लिए अभियान चला रखा है।

आरसीपी सिंह ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन के दौरान विशेष राज्य का नाम लेना भी मुनासिब नहीं समझा। जदयू नेतृत्व एक तरफ बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के लिए लगातार अभियान चला रहा है वहीं दूसरी ओर जदयू के बड़े नेता आरसीपी सीधे-सीधे इस मुद्दे पर बोलने से बचते रहे हैं। विशेष राज्य का दर्जा मिले या फिर इस मुद्दे को छोड़ा जाए, इस सवाल पर वह गोलमोल जवाब देते हुए नजर आए। हालांकि उन्होंने इतना जरूर कहा कि जिन क्षेत्रों में हम पिछड़े हैं, उसमें सुविधाएं मिलनी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बजट में हर राज्य यह मांग करता है कि उनके लिए भी अलग से व्यवस्था की जाना चाहिए। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि लेकिन, ऐसा होता है क्या। जदयू तो विशेष राज्य के दर्जे की मांग को लेकर वर्ष 2010 से ही लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि यह बात जरूर है कि हमें सुविधाएं मिलनी चाहिए। जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष से जब यह पूछा गया कि क्या जदयू को यह मांग छोड़ देनी चाहिए तो इस सवाल पर वह साफ-साफ बोलने से बचते रहे। उनसे जब उत्तर प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद वह उठकर चले गए।

ऐसी अटकलें है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आरसीपी सिंह की जदयू नेतृत्व से नहीं बन रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने उत्तर प्रदेश चुनाव में कमजोर तैयारी का ठिकरा आरसीपी सिंह पर ही फोड़ा है। उन्होंने कहा था कि केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह को ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से समझौते के लिए बातचीत का जिम्मा दिया गया था। उनकी वजह से हमलोग काफी समय तक बैठे रहे लेकिन वह भाजपा से समझौता नहीं करा पाए। जदयू ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कुछ सीटों पर उम्मीदवार उतारा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static