इंसाफ के लिए दर-दर भटकती रही रेप पीड़िता, SP ऑफिस की चौखट पर दिया बच्चे को जन्म

9/24/2020 4:57:37 PM

किशनगंजः बिहार के किशनगंज जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। 9 महीने से न्याय की गुहार लगा रही रेप पीड़िता ने एसपी ऑफिस की दरवाजे पर ही नवजात बच्चे को जन्म दे दिया।

दरअसल, ये घटना मंगलवार शाम की है। किशनगंज के पहाडकट्टा थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता के परिजनों ने बताया कि 9 महीने पहले लड़की खेत से मवेशी लाने गई थी। इस दौरान पूर्व से घात लगाए फर्राबड़ी निवासी मुन्ना ने खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। वहीं जब पीड़िता गर्भवती हुई तो आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया।

पीड़िता ने सारी बात अपने परिजनों को बताई। इसके बाद वे लोग आरोपी के घर गए तो उन्होंने पीड़िता के परिजनों के साथ मारपीट कर उनको भगा दिया। फिर मामला पंचायत के पास पहुंचा लेकिन पीड़िता को न्याय नहीं मिला। थक हार कर पीड़िता और उसके परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान पीड़िता को अचानक प्रसव पीड़ा हुई तो उसने एसपी ऑफिस की चौखट पर ही बच्चे को जन्म दे दिया।

इस मामले की जानकारी मिलते ही महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी मौके पर पहुंचीं। इसके बाद पीड़िता को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं इस मामले में पुलिस ने महिला थाने में केस दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।

Ramanjot