तारकिशोर प्रसाद बोले- चिड़ियाघर के रूप में विकसित किया जाएगा रानीगंज वृक्ष वाटिका

1/29/2021 5:23:33 PM

अररियाः उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने गुरुवार को रानीगंज वृक्ष वाटिका एवं कुसियार गांव स्थित जैव विविधता उद्यान का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने करियात गांव में अवस्थित बांस उपचार संयंत्र केंद्र एवं कॉमन फैसिलिटी सेंटर का उद्घाटन भी किया। इसके बाद डिप्टी सीएम ने कहा कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता के द्दष्टिकोण से बेहतर कार्य किए हैं।

उप मुख्यमंत्री ने लगभग 54 एकड़ में फैले कुसियार गांव में बनाये गए जैव विविधता उद्यान के निरीक्षण के दौरान कहा कि इस उद्यान में टिशू कल्चर केंद्र भी स्थापित है। यहां केला अथवा अन्य प्रकार के पौधों को विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि बांस उपचार संयंत्र केंद्र लगभग 91 एकड़ में फैला है। इसमें बांस के प्रसंस्करण तथा बांस की जीवन अवधि-कालावधि को बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार के रसायनों के माध्यम से उपचार की व्यवस्था है। बांस को विभिन्न आकार में तैयार करने के लिए संयंत्र लगाए गए हैं।

तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि सूप, दउरा, अगरबत्ती निर्माण में इस्तेमाल होने वाला बांस का डंठल अथवा अन्य बांस से तैयार की जाने वाली सामग्रियों के लिए मनचाहे आकार के बांस को वांछित लंबाई-चौड़ाई में तराशने एवं काटने की सुविधा केंद्र पर मौजूद है। जो भी लोग चाहें, इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। इस मौके पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह, विधान पार्षद् डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, विधायक विजय कुमार मंडल, विद्यासागर केसरी एवं अचमित ऋषिदेव, मुख्य वन्यप्राणी प्रतिपालक पी. के. गुप्ता, क्षेत्रीय वन संरक्षक अभय कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, वन प्रमंडल पदाधिकारी, वनों के क्षेत्र पदाधिकारी सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Ramanjot