बिहार में धूमधाम के साथ मनाई जा रही है रामनवमी, राममय नजर आ रहा पूरा पटना शहर

Thursday, Mar 30, 2023-02:39 PM (IST)

पटनाः बिहार में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के जन्मोत्सव का पर्व रामनवमी धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। हर साल रामनवमी का त्योहार पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। हिन्दू पंचांग के अनुसार चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि के दिन रामनवमी का त्योहार मनाया जाता है।

शास्त्रों के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीराम का जन्म हुआ था इसलिए इस दिन को रामजन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। राम जी के जन्म पर्व के कारण ही इस तिथि को रामनवमी कहा जाता है। भगवान राम को विष्णु का अवतार माना जाता है। राम नवमी के अवसर पर विशेष रूप से भगवान राम की पूजा-अर्चना और कई तरह के आयोजन कर उनके जन्म के पर्व को मनाते हैं। रामनवमी के दिन विशेष तौर पर श्रीराम के साथ माता जानकी और लक्ष्मण जी की भी पूजा होती है।

बिहार की राजधानी पटना में रामनवमी की धूम मची हुई है। रामनवमी को लेकर पूरा पटना शहर राममय नजर आ रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के जन्मोत्सव को लेकर हर तरफ जय श्रीराम का उदघोष सुनाई दे रहा है। श्रीराम के जन्मोत्सव के मौके पर पटना स्थित महावीर मंदिर सज-धज कर तैयार हो गया है। महावीर मंदिर में भक्तों की लंबी कतार देखी जा रही है। जय श्रीराम की गूंज के बीच देर रात से लोग मंदिर में लंबी कतारों में लगना शुरू हो गए थे। सुबह के 2 बजे आरती होने के बाद भक्तों के लिए महावीर मंदिर का कपाट खोल दिया गया। इसके बाद से लगातार भक्त कतारों के जरिए दर्शन कर रहे हैं।

राम जन्मोत्सव के मौके पर महावीर मंदिर में लगभग चार लाख भक्तों की आने की संभावना है। जय श्रीराम के जयघोष, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि बुधवार की मध्यरात्रि सवा 2 बजे से मंदिर का द्वार भक्तों के लिए खुल गया। भक्तों के लिए लगभग 20 हजार किलो नैवेद्यम तिरुपति के कारीगरों से बनवाया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static