बिहार में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई रामनवमी, राज्य भर के मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

4/11/2022 10:44:38 AM

पटनाः बिहार में भगवान श्रीराम के जन्म उत्सव रामनवमी को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया और इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं ने राज्य भर के मंदिरों में भगवान की पूजा की। रामनवमी के शुभ अवसर पर भगवान श्रीराम की पूजा के लिए रविवार सुबह से ही प्रदेश के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं को भी बड़ी संख्या में भगवान राम के पूजन के लिए मंदिरों के सामने लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते देखा गया।

पटना जंक्शन के निकट महावीर मंदिर में पूजा करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की थी। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए महावीर मंदिर को रात दो बजे ही खोल दिया गया। भगवान राम और हनुमान के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान करने के लिए पीने के पानी, सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई। ड्रोन द्वारा मंदिर पर फूलों की पंखुड़ियां गिराई गईं, जो वहां मौजूद भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। कोरोना महामारी के बाद इस वर्ष पहली बार रामनवमी का आयोजन बहुत धूमधाम से किया गया। मंदिर प्रबंधन की ओर से मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए।

बिहार पुलिस ने इस अवसर पर आयोजित ‘शोभा यात्रा' के नाम से जाने जाने वाले श्रद्धालुओं और धार्मिक जुलूसों में भाग लेने वालों के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की थी। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रामनवमी के मौके पर लोगों को बधाई दी। राज्यपाल और मुख्यमंत्री दोनों ने लोगों से प्रेम और भाईचारे के साथ रामनवमी मनाने का आह्वान किया। उन्होंने इस अवसर पर ईश्वर से लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की।

Content Writer

Ramanjot