बक्सर में 16 अप्रैल से होगा ‘राम महोत्सव' का आयोजन, अरुण गोविल सहित बड़ी हस्तियां होंगी शामिल

3/14/2021 12:26:31 PM

पटनाः बिहार में बक्सर जिले के किला मैदान में ‘बक्सर के राम राम महोत्सव 2021' का आयोजन 16 अप्रैल से 21 अप्रैल तक किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के लोगों शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन ‘बक्सर के राम ट्रस्ट 'की ओर से किया जा रहा है।

‘बक्सर के भगवान राम' के संयोजक एवं संस्थापक उमेश पांडेय ने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से देश ही नहीं बलिक दुनिया को बक्सर की वैदिक कालीन ऐतिहासिकता और गौरवशाली संस्कृति से रूबरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बक्सर का इतिहास रामायण काल से जुड़ा हुआ है और यह विश्वामित्र की तपोभूमि है। महर्षि विश्वामित्र ने बक्सर की भूमि पर राम को इसी भूमि पर अस्त्र शस्त्र की दीक्षा दी थी। उनकी ‘राम' को राम बनाने में महती भूमिका थी। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम ने अपने स्पर्श से अहिल्या को पत्थर से सजीव किया था। इस कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग भी शामिल होंगे। इसके लिए उन्होंने सहमति दे दी है।

ट्रस्ट के संरक्षक उमेश शर्मा ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से वह बक्सर के इतिहास से दुनिया को बताना चाहते हैं। राम महोत्सव का उद्देश्य बक्सर के राम (बक्सर में राम जितने समय तक रहे) के बारे में आम आदमी को बताना है। जिससे कि उसे पता चले कि राम ने क्या कुछ बक्सर में किया। उन्होंने कहा कि बक्सर की भूमि सुर और असुरों की संग्राम की भूमि रही है। जिसमे सर्वविदित है कि जीत देवताओ की हुई थी। तड़का वध भी यही हुआ था। कार्यक्रम में रामानन्द सागर के ‘रामायण' धारावाहिक में राम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल, गूगल ब्वॉय कौटिल्य पंडित, बाल कथा वाचक शशि शेखर, आधुनिक रामलीला की जानी मानी कथक नृत्यांगना रेखा मेहरा समेत कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी।

Content Writer

Ramanjot