Weather Update : बिहार के 19 जिलों में गरज-चमक के साथ भयंकर बारिश की संभावना, 50 की स्पीड से चलेगी हवाएं; IMD की चेतावनी

Tuesday, Mar 17, 2026-08:49 AM (IST)

Weather Update : बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज बदल रहा है। राज्य के लोग एक ही दिन में चिलचिलाती गर्मी और फिर शाम होते-होते आंधी-बारिश का अनुभव कर रहे हैं। सोमवार को जहाँ नालंदा का राजगीर 37.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, वहीं किशनगंज और अररिया में हुई ओलावृष्टि ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया।

19 जिलों के लिए मौसम विभाग की चेतावनी

पटना मौसम विज्ञान केंद्र (IMD Patna) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण राज्य में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार को विभाग ने 19 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा और वैशाली समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने (ठनका) और 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की आशंका है।

पटना में गर्मी का रिकॉर्ड, फिर मिलेगी राहत

राजधानी पटना में सोमवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जहाँ पारा सामान्य से 2 डिग्री अधिक यानी 35.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। दिनभर चली शुष्क और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल किया। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में फिर से गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे रात के समय ठंडक बनी रहेगी।

किसानों के लिए विशेष सलाह

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 20 से 22 मार्च के बीच बिहार में बारिश और आंधी का दूसरा दौर शुरू होगा। उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में इसका व्यापक असर देखा जा सकता है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आंधी और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें और खेतों में काम करने से बचें।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static