हार के बाद महागठबंधन में रार! शिवानंद बोले- चुनाव के समय शिमला में पिकनिक मना रहे थे राहुल गांधी

11/16/2020 12:18:22 PM

पटनाः बिहार विधानसभा में विपक्षी महागठबंधन को करारी हार का सामना पड़ा है। इसके चलते राजद और कांग्रेस हार का ठीकरा एक-दूसरे के सिर पर फोड़ रहे हैं। दोनों दलों में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरु हो गया है। कांग्रेस के खराब प्रदर्शन को लेकर राजद ने हमला बोला तो कांग्रेस ने भी पलटवार किया। वहीं अब राजद नेता शिवानंद तिवारी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को घेरे में ले लिया है। 

शिवानंद तिवारी ने कहा कि जब बिहार में विधानसभा चुनाव पूरे जोरों पर था, उस समय राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के घर शिमला में पिकनिक मना रहे थे। कांग्रेस जिस तरह से अपना कारोबार चला रही है, उससे भारतीय जनता पार्टी को मदद मिल रही है। उन्होंने आगे रहा कि कांग्रेस ने 70 प्रत्‍याशी चुनावी मैदान में उतारे, लेकिन 70 रैलियां भी नहीं कीं। राहुल गांधी केवल तीन दिन आए जबकि प्रियंका गांधी तो आईं ही नहीं। वहीं जो बिहार के बारे में जानते नहीं थे, वे लोग यहां भेजे गए जो कि सही नहीं था। 

इस बीच बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठाने वालों को जवाब दिया। उन्होंने तीन अलग-अलग ट्वीट किए। अनिल कुमार ने कहा कि महागठबंधन की सरकार नहीं बनने का दोष कांग्रेस के सिर मढ़ना उचित नहीं है। साल 2000, 2005 और 2010 में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं था, तब राजद को पूर्ण बहुमत क्यों नहीं आया? उन्होंने कहा कि राजद एक विशेष वोट की राजनीति करता है। इसलिए इसे पूरे बिहारी समाज का लोकप्रिय समर्थन नहीं मिल पाता। बता दें, बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को केवल 19 सीटें मिली हैं। जबकि राजद को 75 सीटें हासिल हुई हैं और वह बिहार में सबसे बड़ी पार्टी बन गई। 

Ramanjot