यूपी में कांग्रेस-RJD की हालत दयनीय, खुद को CM का चेहरा बताने के दूसरे ही दिन पलटीं प्रियंकाः मोदी

1/23/2022 9:51:45 AM

पटनाः बिहार के पूर्व उप मुख्यमत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की हालत इतनी दयनीय है कि प्रियंका गांधी खुद को मुख्यमंत्री का चेहरा बताने के दूसरे ही दिन पलट गईं।

सुशील मोदी ने शनिवार को ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और राजद की हालत इतनी दयनीय है कि प्रियंका गांधी खुद को सीएम (मुख्यमंत्री) फेस बताने के दूसरे ही दिन पलट गईं। जो राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता पर इतरा रहे थे और पूरे देश में भाजपा को रोकने के लिए निकलने वाले थे, उनकी पार्टी यूपी में इस बार एक सीट पर भी लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाई। उत्तर प्रदेश में सबका साथ-सबका विकास करने वाली भाजपा की शानदार वापसी तय है।''

भाजपा सांसद ने कहा कि वर्ष 2017 में 403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में बिहार के किसी प्रमुख दल ने प्रत्याशी नहीं उतारे थे। बिहार के तीन दलों ने वर्ष 2007 में जब उत्तर प्रदेश का चुनाव लड़ा तब लोजपा (लोक जनशक्ति पार्टी) के सभी 72 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। राजद केवल एक सीट पर जमानत बचा पाया था। उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाईटेड (जदयू) 16 में से केवल एक सीट पर जीता था जबकि उसके 12 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।

Content Writer

Ramanjot