बिहार के 19 जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

10/8/2022 4:11:44 PM

पटनाः बिहार में मानसून लगातार सक्रिय है। लोगों को बारिश से राहत मिलने का कोई भी आसार दिखाई नहीं दे रहा है। कई इलाकों में हो रही बारिश के कारण नदियां उफान पर है। वहीं गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में बिहार के 19 जिलों में भारी बारिश होगी। साथ ही आकाशीय बिजली की भी आशंका है और कई इलाकों में कम बारिश की संभावना जताई गई है। |

इन जिलों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार,  अगले एक-दो दिनों में सिवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सारण और कटिहार में भारी बारिश की आशंका है। साथ ही आकाशीय बिजली और मेघ गर्जन की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से बेवजह घर से बाहर ना निकलने की अपील की है। राज्य में फिलहाल पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवाएं चल रही हैं। इसके कारण राज्यभर में लगातार बारिश हो रही है। इसी के चलते तराई क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ रहा है।

जानें पूरे हफ्ते भर के मौसम का हाल
वहीं मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 8 अक्टूबर को बादल छाए रहने की संभावना है और 9 अक्टूबर को राज्य के कई जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली की आशंका है। इसके अतिरिक्त 10, 11 और 12 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में आंधी बारिश की संभावना जताई जा रही है। साथ ही कई इलाकों में हल्की बारिश की आशंका है। इस दौरान हवा की गति 6 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी।



नीतीश कुमार ने गंडक नदी के बढ़ रहे जल स्तर का किया निरीक्षण
बता दें कि बीते शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इंडो नेपाल सीमा पर स्थित वाल्मीकिनगर गंडक बराज पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण किया। साथ ही बाढ़ के हालातों से संबंधित जायजा लिया। वहीं वाल्मीकि इलाके के बैराज के 36 गेट खोले दिए गए है।

Content Editor

Swati Sharma