बक्सर में नीतीश के स्वागत के लिए पलके बिछाए दिखे लोग, किसी ने बनाई रंगोली तो किसी ने भेंट की तस्वीर

1/19/2023 3:44:35 PM

 

बक्सरः समाधान यात्रा के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बक्सर जिले में सबसे पहले वह चक्की प्रखंड के हिनवा गांव के महादलित बस्ती में पहुंचे, जहां उन्होंने बनाए गए तालाब का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री लोगों से स्वयं ही आवेदन लेते दिखे। बाद में मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं के लगाए गए स्टॉल पर जाकर यह पूछा कि क्या लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे तौर पर मिल रहा है, अथवा नहीं? उन्होंने लोगों से भी बातचीत की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता फूल-माला लेकर मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए पूर्व से ही तैयार दिखे। हालांकि मुख्यमंत्री उनके नजदीक नहीं पहुंच सके। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर महादलित बस्ती में उत्सवी माहौल बना हुआ था वहां के स्कूली बच्चों ने मुख्यमंत्री के आगमन के लिए रंगोली बनाई हुई थी वहीं एक बच्चे ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से बनाई उनकी तस्वीर भेंट की।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के साथ साथ दोनों अनुमंडल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा मुख्यालय डीएसपी अशफाक अंसारी सुरक्षा इंतजामों में व्यस्त देखें गये। मुख्यमंत्री के विशेष सुरक्षा टीम भी मुख्यमंत्री को घेरे रहे। जब मुख्यमंत्री नजदीक से जाकर लोगों से मिल रहे थे तो सुरक्षाकर्मियों की परेशानी भी देखने को मिली। हालांकि उन्होंने मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाई। मुख्यमंत्री इसके बाद पठार पहुंचे, जहां जैविक खेती का निरीक्षण करने के पश्चात वह बक्सर के लिए रवाना हो गए। बक्सर के समाहरणालय में वह जीविका दीदियों से संवाद करेंगे, तत्पश्चात वहां समीक्षात्मक बैठक भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के जिला मुख्यालय में आगमन की सूचना पर विभिन्न मार्गों में आवागमन बंद किया गया है। अंबेडकर चौक समाहरणालय रोड तथा मॉडल थाना चौक के समीप आवागमन बंद रखा गया है।
 

Content Writer

Nitika