दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन की अनोखी शादी! वैंडिग कार्ड पर लिखा कुछ ऐसा कि जमकर हो रहा वायरल
Thursday, Mar 12, 2026-03:19 PM (IST)
पटना : बिहार की राजधानी पटना में एक ऐसी शादी संपन्न हुई है, जिसने एक मिसाल पेश की है। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की चचेरी बहन और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी दिव्या गौतम ने बेहद सादगी से शादी रचाई। जहां आज के दौर में शादियां करोड़ों के खर्च, भारी-भरकम गहनों और हफ्तों चलने वाले रस्मों-रिवाजों का चलन है, वहीं दिव्या गौतम और सूरज कुमार पांडेय ने सादगी और वैचारिक दृढ़ता का परिचय दिया है। 8 मार्च को 'अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस' के विशेष अवसर पर इस जोड़े ने कोर्ट मैरिज की है।
चर्चा में निमंत्रण पत्र
इस विवाह का सबसे आकर्षक हिस्सा इनका 'वेडिंग कार्ड' रहा, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कार्ड की शुरुआत किसी धार्मिक मंत्र के बजाय भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 (Article 21) के उल्लेख से होती है। कार्ड पर स्पष्ट संदेश लिखा है— "अपनी पसंद के जीवनसाथी को चुनना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और हमें गर्व है कि हमने एक-दूसरे को चुना है।"
थिएटर के मंच से शुरू हुआ सफर
दिव्या और सूरज की प्रेम कहानी कला और रंगमंच की दुनिया से जुड़ी है। कार्ड में साझा की गई जानकारी के अनुसार, दोनों की मुलाकात थिएटर के दौरान हुई थी। मंच एक साथ साझा करते-करते कब उनके सपने और विचार साझा होने लगे, उन्हें पता भी नहीं चला।

