पटना के जिलाधिकारी व SSP ने गांधी मैदान का किया निरीक्षण, ईद की तैयारियों का लिया जायजा

4/26/2022 5:56:22 PM

पटनाः पटना के जिला पदाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लों ने ईद के नमाज की तैयारी के लिए आज गांधी मैदान का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, नगर पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्त्ता आपदा प्रबंधन, अपर जिला दण्डाधिकारी विधि-व्यवस्था, अपर समाहर्त्ता, पुलिस अधीक्षक यातायात, अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर, अध्यक्ष नमाज-ए-इदैन कमिटी, कार्यपालक पदाधिकारी पटना नगर निगम, विद्युत कार्यपालक अभियंता, कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी सहित अनेक पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

PunjabKesari

विदित हो कि इस वर्ष ईद का त्योहार दिनांक 03 मई, 2022 को चांद के दृष्टिगोचर होने के अनुसार मनाए जाने की संभावना है। इस अवसर पर गांधी मैदान में ईद की नमाज अदा की जाती है जिसमें काफी संख्या में लोग भाग लेते हैं। डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह एवं एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लों ने गांधी मैदान में साफ-सफाई, पार्किंग, विधि-व्यवस्था, जलापूर्ति, प्रकाश की व्यवस्था सहित विभिन्न बिन्दुओं पर समीक्षा की तथा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।

PunjabKesari

डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने पटना नगर निगम, नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी को गांधी मैदान की ससमय एवं समुचित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नमाज अदा करने के वक्त धूल से नमाजियों को परेशानी न हो इसके लिए उन्होंने गांधी मैदान में पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने गांधी मैदान में गड्ढों की भराई एवं ससमय समतलीकरण करने का निर्देश दिया। डीएम ने कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को उक्त अवसर पर जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला अग्निशाम पदाधिकारी अग्निशमन दस्ता की प्रतिनियुक्ति करेंगे। सिविल सर्जन गांधी मैदान में चिकित्सा सुविधा एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था रखेंगे। जिला नजारत उप समाहर्त्ता सीसीटीवी कैमरा चालू हालत में रखेंगे।

PunjabKesari

डीएम चन्द्रशेखर सिंह एवं एसएसपी ढिल्लों ने कहा कि इस अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। थानाध्यक्ष एवं सभी पदाधिकारी आसूचना तंत्र को सुदृढ़ रखेंगे ताकि किसी भी तरह के अफवाह को फैलने से रोका जा सके। पुलिस अधीक्षक, यातायात वाहन की पार्किंग हेतु समुचित संख्या में यातायात पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करेंगे ताकि यातायात अवरूद्ध न हो। अधिकारीद्वय ने ईद के नमाज हेतु सारी प्रशासनिक तैयारी एवं अन्य व्यवस्था ससमय पूरी कर लेने का निर्देश दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static