Patna Crime: दिनदहाड़े 20 लाख की लूट, पाटलिपुत्र इलाके में अपराधियों का तांडव
Monday, Mar 23, 2026-08:57 PM (IST)
Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े करीब 20 लाख रुपये की लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। यह घटना अल्पना मार्केट के पास हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बैंक में पैसा जमा करने जा रहा था एजेंट
जानकारी के अनुसार, एक निजी कैश मैनेजमेंट कंपनी का एजेंट पंकज कुमार इलाके से कैश कलेक्शन कर बैंक में जमा कराने जा रहा था। वह नेहरू नगर की गली से गुजर रहा था, तभी घात लगाए अपराधियों ने उसे निशाना बना लिया।
हथियार के बल पर वारदात को दिया अंजाम
पीड़ित के मुताबिक दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश पहुंचे। आगे-पीछे से घेरकर रोक लिया,पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। कैश से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही पाटलिपुत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। भागने के रास्तों की जांच कर रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया जा रहा है।
छापेमारी जारी, जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ संदिग्धों के हुलिए सामने आए हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है।

