रामविलास की बरसी पर लंबे समय बाद एक साथ दिखा पासवान परिवार, पशुपति पारस हुए भावुक

9/13/2021 10:22:40 AM

पटनाः लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पहली बरसी (वार्षिकी श्राद्ध) के मौके पर लंबे समय के बाद पूरा पासवान परिवार एक साथ दिखाई पड़ा वहीं दलगत भावना से ऊपर उठकर सभी दलों के नेता भी पहुंचे और पूर्व केंद्रीय मंत्री को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पशुपित पारस बेहद भावुक नजर आए। 

लोजपा संस्थापक के पुत्र एवं बिहार के जमुई से सांसद चिराग पासवान ने राजधानी पटना के श्री कृष्णा पुरी स्थित अपने आवास पर रविवार को बरसी का आयोजन किया। अपराह्न तक हवन पूजन किया गया। इसके बाद प्रसाद वितरण का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चिराग पासवान ने सभी को निमंत्रण दिया था।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सबसे पहले चाचा केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस (पारस गुट) इसी गुट के कार्यकारी उपाध्यक्ष सूरज सिंह उर्फ सूरजभान सिंह के साथ पहुंचे। इसके बाद राज्यपाल फागू चौहान पहुंचे, जिनका सांसद पासवान ने स्वयं स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल ने लोजपा संस्थापक की तस्वीर पर पुष्प अर्पित की।

लोजपा संस्थापक पासवान के निधन के बाद इस वर्ष के जून में लोजपा चाचा पशुपति कुमार पारस (पारस गुट) और भतीजा चिराग पासवान (चिराग गुट) दो टुकड़ों में बट गई थी। इसके बाद चाचा और भतीजा के बीच दूरियां बढ़ गई। एक तरह से पासवान परिवार को गया था। चाचा पारस ने अपने बड़े भाइयों और लोजपा संस्थापक की राजनीतिक विरासत पर कब्जा करते हुए भतीजा को किनारा कर दिया। यह पहला मौका है जब पूरा परिवार एक साथ नजर आया है।

Content Writer

Ramanjot