32 साल पुराने जिनके अपहरण के आरोप में गिरफ्तार हुए हैं पप्पू यादव, आईए जानते हैं उनकी कहानी

5/13/2021 8:57:18 PM

 

पटनाः जाप अध्यक्ष और पूर्व सांसद पप्पू यादव 32 साल पुराने जिस केस में गिरफ्तार किए गए हैं, आईए जानते हैं उनकी कहानी। पप्पू यादव पर जिन 2 लोगों के अपहरण का आरोप है, उनमें से एक उमाकांत यादव की बेटी की शादी में वारंट की अवधि में पप्पू यादव चीफ गेस्ट बनकर गए थे, जबकि दूसरे व्यक्ति ने तो इस केस को कंफ्यूजन ही बता दिया।

दरअसल, उमाकांत यादव उर्फ उमाकांत राय की बेटी रूपम की शादी मधेपुरा जिला परिषद अध्यक्ष मंजू देवी के पुत्र श्वेत कमल उर्फ बौआ यादव से 17 फरवरी 2021 को मधेपुरा स्थित जिला परिषद आवास पर हुई थी। इस शादी में पप्पू यादव भी प्रमुख अतिथि के रूप में आए थे। इस दौरान उन्होंने नवदंपती को आशीर्वाद दिया था। आज इस मामले के बाद वे चुप हैं।

वहीं 1989 के वर्षों में पप्पू यादव, रामकुमार यादव और उमाकांत यादव उर्फ उमाकांत राय एक साथ ही रहते थे। इस बीच गुट के ही एक युवक द्वारा एक लड़की से शादी कर लेने के कारण पप्पू यादव का रामकुमार यादव व उमाकांत यादव से मतभेद गहरा गया। इसी बीच 29 जनवरी 1989 को रामकुमार यादव के चचेरे भाई शैलेन्द्र यादव ने मुरलीगंज थाना में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि पप्पू यादव ने दिनदहाड़े रामकुमार यादव और उमाकांत यादव को जान से मारने की नीयत से अपहरण कर लिया।

बता दें कि अब रामकुमार यादव ने कहा कि ऐसा मामला नहीं था। उन्होंने बताया कि उस दिन जब पप्पू यादव की गाड़ी में हम लोग बैठकर गए तो लोगों को लगा कि अपहरण कर लिया गया है। उसी दिन वे लोग पप्पू यादव के पास से निकलकर मधेपुरा आ गए। लेकिन उन लोगों पर दर्ज एक केस में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 

Content Writer

Nitika