बेगूसराय में ‘हाइट बैरियर'' से टकराया ओवरलोड वाहन, एक की मौत, 6 अन्य घायल

8/28/2020 11:18:20 AM

बेगूसरायः बिहार के बेगूसराय जिले के नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार वाहन के एक रेलवे ओवरब्रिज पर लगे ‘हाइट' बैरियर से टकरा जाने से वाहन की छत पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि छह अन्य यात्री घायल हो गए।

नगर थाना के अपर थानाध्यक्ष बरुण कुमार ने बताया कि मृतक का नाम राम भगत पासवान (करीब 25 वर्ष) था जो दरभंगा जिला के बहेड़ी थाना अंतर्गत गंगदह गांव का निवासी था। उन्होंने बताया कि इस हादसे में जख्मी उसी गांव के छह अन्य लोगों को इलाज के लिए अलग-अलग नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

बरूण ने बताया कि उक्त वाहन पर करीब 30 लोग सवार थे जो एक श्राद्ध कर्म के बाद अस्थि विसर्जन के लिए दरभंगा जिला के गंगदह गांव से सिमरिया गंगाघाट जा रहे थे। इस हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर करीब छह घंटे तक सड़क पर जाम लगाए रखा। वहीं पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद ही जाम हटाया।

Ramanjot