बिहार में बाढ़ से तबाही! अब तक 24 लोगों की मौत, 74 लाख से अधिक आबादी प्रभावित

8/11/2020 11:51:08 AM

पटनाः बिहार में बाढ़ से 16 जिलों की 74 लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई है और अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, बाढ़ से दरभंगा जिले में सबसे अधिक दस लोगों, मुजफ्फरपुर में छह, पश्चिम चंपारण में चार तथा सारण एवं सिवान में दो-दो लोगों की मौत हो चकी है।

बिहार के सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, खगडिया, सारण, समस्तीपुर, सिवान, मधुबनी, मधेपुरा एवं सहरसा जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इन जिलों के 126 प्रखंडों की 1240 पंचायतों में 74 लाख से अधिक की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। बाढ़ के कारण विस्थापित लोगों को भोजन कराने के लिए 1239 सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गई है।

दरभंगा जिला में सबसे अधिक 15 प्रखंडों की 220 पंचायतों में बीस लाख से अधिक की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। बिहार के बाढ़ प्रभावित इन जिलों में बचाव और राहत कार्य चलाए जाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 33 टीमों की तैनाती की गई है। बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, गंडक, बूढ़ी गंडक, कोशी आदि नदियों में जलस्तर बढ़ने से इन इलाकों में बाढ़ आई है।

Edited By

Ramanjot